चंदौली—राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक निगरानी के बीच संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक पाली में आयोजित होगी। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने विशेष सुरक्षा योजना लागू की है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 480 अभ्यर्थियों की व्यवस्था की गई है, जिसके अनुसार कुल 1920 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पक्षपात रहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जनपद में ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंटर कॉलेज अलीनगर, नगर पालिका इंटर कॉलेज मुगलसराय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय (ए) अलीनगर तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय (बी) अलीनगर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर विशेष चेकिंग टीमों की तैनाती की गई है। इन टीमों का नेतृत्व उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे, जबकि उनके साथ महिला और पुरुष पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों की तलाशी और जांच का कार्य करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और प्रतिबंधित सामग्री की जांच होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गई है ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी अभ्यर्थी को निर्धारित नियमों के विपरीत सामग्री के साथ केंद्र में प्रवेश न दिया जाए। पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह 11 बजे से ही सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी कर दी जाएगी। परीक्षा समाप्त होने तक सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के बाहर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने और परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करेगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि चिकित्सा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश की दृष्टि से नीट देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि सभी विभागों के समन्वय से परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
Chamdauli News: NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर चंदौली में हाई अलर्ट: चार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, चेकिंग से लेकर यातायात व्यवस्था तक पुलिस की चौकसी
अगला लेख









