चंदौली—जिले बलुआ थाना पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही घंटा और पूजा सामग्री की चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी नशे की लत और अपने शौक पूरे करने के लिए मंदिरों को निशाना बनाते थे. पुलिस ने उनके कब्जे से 06 पीतल के घंटे, 02 पीतल के लोटे, 01 तांबे का लोटा, 03 पीतल के आरती के दीये तथा चोरी के सामान की बिक्री से मिले 2,900 रुपये बरामद किए हैं.
बीती रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अमरीपुर नहर पुलिया के पास से आकाश यादव 23 साल पुत्र शिवबदन यादव और सोनू कुमार 26 साल पुत्र बंगाराम, निवासी सेवढ़ी मढ़ई थाना बलुआ को गिरफ्तार किया गया. बरामद सामान बलुआ और शहाबगंज थाना क्षेत्र में दर्ज मंदिर चोरी के मामलों से संबंधित बताया गया है.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मंदिरों में घूम-घूमकर घंटे, मुकुट, पूजा के बर्तन और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी करते थे.चोरी के सामान को राह चलते कबाड़ियों या अन्य लोगों को बेचकर मिले पैसों से नशा करते और अपने शौक पूरे करते थे. आरोपियों ने बताया कि 1 अगस्त को फूलपुर स्थित हनुमान मंदिर से घंटा, पीतल की कटोरियां, पंचमुखी दीपक, तांबे और पीतल के लोटे सहित अन्य सामान चोरी किया था. इसके अलावा 2 अगस्त को लक्ष्मणगढ़ स्थित मंदिर से चांदी का मुकुट तथा 30 और 31 जुलाई को महगांव के शंकर मंदिर और दुर्गा मंदिर से भी घंटे चोरी किए थे। उन्होंने यह भी कबूल किया कि इससे पहले शहाबगंज क्षेत्र के बड़ौरा और सेमरा गांव के मंदिरों में भी चोरी कर चुके हैं.
इलिया इलाके में घंटा चोरी के मामलों में रिकवरी का रिकॉर्ड बना चुके हैं तत्कालीन थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह —
बीते वर्ष 2025 में चकिया सर्कल के इलिया, शहाबगंज, और चकिया क्षेत्र में मंदिरों से लगातार हो रही घंटा चोरी के मामलों का खुलासा होने के बाद एक बार फिर तत्कालीन थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह की कार्यशैली चर्चा में है. अपने कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने मंदिरों से चोरी हुए घंटों और अन्य पूजा सामग्री की उल्लेखनीय बरामदगी कर कई मामलों का सफल खुलासा किया था.










