चंदौली—जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के भोखरी रोड स्थित नहर में पानी कम होने पर रविवार की सुबह एक बाइक और बोरा लावारिस हालत में दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर हल्का चौकी प्रभारी गोपालजी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने नहर से बरामद बोरे की जांच की तो उसमें राखड़ और गिट्टी मिली. वहीं, बरामद स्प्लेंडर बाइक का चेचिस घिसा हुआ है और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी है. बाइक को लेकर पुलिस को चोरी की आशंका है.
पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. बाइक और बोरे को नहर में किसने और किस उद्देश्य से फेंका, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से भी मामले की पड़ताल कर रही है.









