चंदौली—फेफड़ों में संक्रमण के चलते करीब एक माह से बीमार चल रहे हेड कांस्टेबल मुकेश यादव का वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बीती देर रात को निधन हो गया. उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों और पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हेड कांस्टेबल मुकेश यादव वर्ष 2005 बैच में आरक्षी पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे. अपने सेवाकाल के दौरान उनकी तैनाती लंबे समय तक जीआरपी तथा मुगलसराय के कूड़ा बाजार क्षेत्र में रही थी. कुछ दिन पूर्व गैर जनपद वाराणसी उनका तबादला कर दिया गया था. वर्तमान में वह मुगलसराय स्थित पुलिस कॉलोनी में निवास कर रहे थे.
मुकेश यादव मूल रूप से ग्राम फुटिया, थाना तहबरपुर, जनपद आजमगढ़ के निवासी थे. उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवंगत हेड कांस्टेबल का वाराणसी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है.









