चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र के कवलपुरा गांव में राम-जानकी मंदिर के पास सोमवार की दोपहर गंगा नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से घाट किनारे स्नान करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया. मगरमच्छ नजर आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है. गंगा का बाढ़ का पानी उतरने के बाद नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है.
घटना की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है. चंदौली के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) बी. शिवशंकर ने गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और गंगा नदी में उतरने से बचने की सलाह दी है.
राम-जानकी मंदिर के पास स्थित घाट पर स्थानीय लोग और श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं. ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों में भय व्याप्त है. लोगों को आशंका है कि यदि मगरमच्छ घाट के आसपास रहा तो स्नान करने वालों के लिए खतरा पैदा हो सकता है.
DFO बी. शिवशंकर का बयान —
चंदौली के DFO बी. शिवशंकर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि गंगा तटवर्ती इलाके के लोग सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें. नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जाने तथा पानी में उतरने से बचें. उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम भेजकर मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील —
वन विभाग की कार्रवाई होने तक लोग गंगा में स्नान करने से बचें और बच्चों को नदी के किनारे अकेले न जाने दें. मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें. इसकी सूचना तत्काल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दें.









