चंदौली—महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को चकरघट्टा थाना पुलिस की ओर से पिंक तहसील दिवस का आयोजन किया गया. पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र की महिलाओं की समस्याओं को सुना और उनके प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए पहल की.
पुलिस टीम क्षेत्र की महिलाओं को उनके प्रार्थना पत्रों के साथ तहसील नौगढ़ लेकर पहुंची, जहां उनकी समस्याओं के निस्तारण की कार्रवाई की गई. इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराना रहा.
इस दौरान मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत छात्राओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया.
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने की अपील की. कार्यक्रम में SDM, सीओ सहित थाना चकरघट्टा महेश कुमार सिंह और मिशन शक्ति टीम मौजूद रही.










