चंदौली —मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की तस्वीरों का कथित दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने और एआई (AI) की मदद से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने एक युवक पर मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार पीड़िता श्रुति गुप्ता निवासी मड़िया, जलीलपुर पड़ाव कुछ महीने पहले वह एक जिम वर्क करने जाती थीं, जहां वैभव विकास नामक युवक से उनकी मुलाकात हुई थी. आरोप है कि युवक ने उनसे बातचीत करने और संपर्क बढ़ाने का प्रयास किया. बाद में जिम जाना छोड़ने के बावजूद कथित तौर पर उन्हें परेशान किया जाता रहा.
युवती का आरोप है कि उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए गए. इन अकाउंट्स के माध्यम से एआई से तैयार की गई कथित आपत्तिजनक तस्वीरें उनके परिचितों, परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को भेजी गईं. इसके अलावा, कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने का भी आरोप है.
पीड़िता के मुताबिक इन घटनाओं से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है और पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले शिकायत करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई.
पीड़िता ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच, डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की पुष्टि और दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधि कार्रवाई की जाएगी.









