चंदौली—सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया मोड़ के पास मंगलवार देर रात शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि प्रिंस उर्फ बाली ने अपने साथी रामदास पर शराब की खाली बोतल से हमला कर दिया. हमले में रामदास के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं. घायल को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया. वहां उसका उपचार चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात दोनों दोस्त सैयदराजा से रामलीला देखकर लौट रहे थे. रास्ते में नेशनल हाईवे पर फुटिया मोड़ के पास एक चाय की दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के दौरान साथी के वहां से भाग जाने की बात को लेकर दोनों के बीच दोबारा कहासुनी हुई.
आरोप है कि इसी बात से नाराज प्रिंस उर्फ बाली ने रामदास पर शराब की खाली बोतल से वार कर दिया. हमले में रामदास गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामदास को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया.
बताया जा रहा है कि घायल रामदास सुंडेहरा गांव का निवासी है, जबकि आरोपी प्रिंस उर्फ बाली फुटिया गांव, थाना सैयदराजा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इस संबंध में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि गंभीर युवक का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है. परिजनों के तहरीर के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.









