चंदौली—जनपद में एक शिक्षक की नियुक्ति को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त शिकायत के आधार पर श्री रमेश प्रसाद पुत्र रामअधार के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. दस्तावेज में उनकी नियुक्ति को कूटरचित एवं फर्जी पाए जाने का उल्लेख किया गया है.
जानकारी के अनुसार, रमेश प्रसाद की नियुक्ति 14 अगस्त 2014 को प्राथमिक विद्यालय कांटा, विकास क्षेत्र सदर, जनपद चंदौली में सहायक अध्यापक के पद पर हुई थी. बाद में नियुक्ति से संबंधित अभिलेखों की जांच में कई सवाल सामने आए.
कार्यालय की ओर से उन्हें अपने शैक्षिक मूल अभिलेख, पैनकार्ड, आधार कार्ड और नियुक्ति पत्र के साथ 29 जनवरी 2026 को जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन दस्तावेज के मुताबिक वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हुए.
इसके बाद उन्हें द्वितीय नोटिस जारी कर वांछित अभिलेखों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए. शिकायत में आरोप है कि इसके बावजूद वह उपस्थित नहीं हुए और न ही किसी माध्यम से कार्यालय को संतोषजनक जानकारी दी.
जांच के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा 9 फरवरी 2026 के आदेश से नियुक्ति निरस्त किए जाने तथा तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए जाने का उल्लेख दस्तावेज में है.
दस्तावेज में यह भी उल्लेख है कि 23 अगस्त 2014 से माह दिसंबर 2025 तक कुल करीब 68.81 लाख वेतन भुगतान किया गया. नियुक्ति से संबंधित दस्तावेजों की सत्यता और वेतन भुगतान समेत पूरे मामले की जांच अब पुलिस द्वारा की जाएगी.
मामले में सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है. अब जांच में नियुक्ति पत्र, शैक्षिक अभिलेख, विभागीय रिकॉर्ड और वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी.









