चंदौली—लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुगलसराय परिसर में अनधिकृत प्रवेश कर प्राचार्य के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट की धमकी देने का मामला सामने आया है. प्राचार्य की शिकायत पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार बीते 18 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पऱ प्राचार्य को सूचना मिली कि कपिल यादव नामक व्यक्ति महाविद्यालय परिसर में पहुंचकर प्राचार्य कक्ष में उनकी अनुपस्थिति में प्रवेश कर फेसबुक लाइव कर रहा है. शिकायत में आरोप है कि शिक्षकों द्वारा मना किए जाने के बावजूद वह बाहर नहीं गया.
शिकायत के अनुसार करीब 2:40 बजे कपिल यादव मुख्य परिसर में पहुंचा और प्राचार्य से आने का औचित्य पूछे जाने पर कथित तौर पर उग्र हो गया. आरोप है कि उसने अभद्र व्यवहार करते हुए बरामदे में धक्का-मुक्की की. बाद में उसे परिसर से बाहर किया गया, लेकिन शिकायत में यह भी आरोप है कि वह गेट के बाहर गाली-गलौज और धमकी देता रहा.
शिकायत में अवधेश यादव और मुलायम यादव के मौके पर मौजूद रहने का भी उल्लेख किया गया है. कॉलेज की ओर से घटना की रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरों में होने की बात कही गई है.
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. इस संबंध में थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया पुलिस मामला दर्ज कर आरोपों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.









