चंदौली—बलुआ थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 32 वर्षीय युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान अवधेश निषाद (32) पुत्र रविन्द्र निषाद, निवासी सोनबरसा, थाना बलुआ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने सीमेंट की शीट के नीचे लगे बांस के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की।
बताया गया कि मृतक की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। इसी दौरान घर में युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
घरेलू विवाद की आशंका, कई बिंदुओं पर जांच
बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









