Jai tiwari —
वाराणसी/चंदौली—एक बंद मकान, अंदर चल रही कथित जुए की महफिल और अचानक पहुंची टी-शर्ट में एसओजी-2 व सिगरा पुलिस की टीम… गुरुवार की कार्रवाई के बाद सामने आई कहानी ने वाराणसी से लेकर चंदौली, आजमगढ़, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र और प्रयागराज तक हलचल मचा दी. पुलिस ने मौके से एक-दो नहीं, बल्कि 47 लोगों को गिरफ्तार किया था. संयुक्त कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किए गए 47 आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई. पुलिस की ओर से सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन एसीजेएम-4 की अदालत ने सभी को 20-20 हजार रुपये के बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया.
पुलिस की कार्रवाई में वाराणसी के अलावा चंदौली, आजमगढ़, भदोही, मिर्ज़ापुर, सोनभद्र और प्रयागराज सहित कई जिलों के लोग पकड़े गए थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए थे. बताया गया कि पकड़े गए लोगों में वाराणसी के रोशन कुमार और रफीक खान के नाम भी शामिल हैं. पुलिस ने जुए के इस नेटवर्क को लेकर आगे की कार्रवाई की तैयारी की थी. इसी बीच अदालत से सभी 47 आरोपियों को जमानत मिलने से पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
47 नाम, कई जिलों से जुड़ी कड़ी —
गिरफ्तार आरोपियों की सूची में वाराणसी के सिगरा, भेलूपुर, लंका, लोहता, जैतपुरा, दशाश्वमेध और शिवपुर क्षेत्रों के अलावा भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज और चंदौली के निवासी भी शामिल हैं. इससे पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए लोगों के अलग-अलग जिलों से जुड़े होने की तस्वीर सामने आती है.
अब आगे की कार्रवाई पर नजर —
पुलिस की ओर से गैंगस्टर एक्ट की तैयारी किए जाने की चर्चा के बीच अदालत से जमानत मिलने के बाद अब मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई और विवेचना पर नजर बनी हुई है. जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों और कथित नेटवर्क की भूमिका की जांच भी अहम मानी जा रही है.









