चंदौली— अलीनगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक मामले में युवती को शादी का झांसा देकर करीब 10 वर्षों तक दैहिक शोषण करने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया है.
10 वर्षों तक शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप —
इस संबंध में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती ने 6 अगस्त को थाने में तहरीर देकर बताया कि पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान मुगलसराय के पटेल नगर निवासी राहुल गुप्ता से हुई थी. आरोप है कि राहुल ने शादी का झूठा वादा कर करीब 10 वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया. पीड़िता की शिकायत के आधार पर अलीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और शुक्रवार को आरोपी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया.
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार —
दूसरे मामले में अलीनगर थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई कि क्षेत्र के हर्ष कुमार नामक युवक द्वारा नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की.
शिकायत के आधार पर अलीनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी हर्ष कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा दोनों मामलों की विवेचना जारी है.









