चंदौली—नौगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 800 रुपये के बकाया को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मझगांवा गांव के पास हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. हमले में एक युवक के हाथ में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
बताया जा रहा है कि मोबाइल के बकाया पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था. आरोप है कि शुक्रवार को रास्ते में मनबढ़ युवकों ने पहले युवक की बाइक में टक्कर मारी, फिर पिस्टल के बल पर उसकी पिटाई की। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने मारपीट की और मुख्य आरोपी विकास ने फायरिंग कर दी. गोली युवक के हथेली में लगी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस संबंध में चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच 800 रूपये के लेन-देन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था. उसी विवाद के चलते रास्ते में कहासुनी हुई और फायरिंग की घटना हुई. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.









