Jai tiwari —
चंदौली— जिले की पांचों तहसीलों के उप-निबंधन (रजिस्ट्री) कार्यालयों में लंबे समय से जमे लिपिकों और बाबुओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. आरोप है कि एसडीएम से लेकर रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारियों के समय-समय पर तबादले होते रहे, लेकिन कई कर्मचारी और बाबू वर्षों से एक ही कार्यालय में तैनात हैं. इससे उनकी स्थानीय स्तर पर पकड़ मजबूत होने और लंबे समय से ‘मलाई’ काटने की चर्चाएं तेज हैं.
जिले की महत्वपूर्ण तहसीलों मुग़लसराय (पंडित दीनदयाल उपाध्याय), सदर और सकलडीहा स्थित उप-निबंधन कार्यालयों में लंबे समय से जमे कर्मचारियों की तैनाती को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सवाल किए हैं. लोगों का आरोप है कि एक ही जगह वर्षों तक तैनाती के बावजूद इन कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर कोई प्रभावी पहल नहीं दिखाई दे रही है.
अधिकारियों के तबादले होते रहे, बाबू जमे रहे —
स्थानीय लोगों का कहना है कि उप-निबंधन कार्यालयों में अधिकारियों का तबादला समय-समय पर होता रहता है. एसडीएम और रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारियों की तैनाती बदलती रहती है, लेकिन लंबे समय से एक ही जगह काम कर रहे बाबुओं और लिपिकों की तैनाती में अपेक्षित बदलाव नहीं हो रहा है.
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अधिकारियों की तैनाती लगातार बदलती रहती है तो वर्षों से एक ही रजिस्ट्री कार्यालय में जमे कर्मचारियों की तैनाती की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही है?
मुग़लसराय, सदर और सकलडीहा में लंबे समय से तैनाती पर चर्चा —
मुग़लसराय, सदर और सकलडीहा जैसे महत्वपूर्ण तहसील क्षेत्रों के उप-निबंधन कार्यालयों में लंबे समय से तैनात कर्मचारियों को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. आरोप है कि लंबे समय तक एक ही कार्यालय में रहने से कुछ कर्मचारियों की स्थानीय स्तर पर पकड़ मजबूत हो जाती है और कामकाज में उनका प्रभाव बढ़ जाता है.
लोगों का कहना है कि अन्य जिलों में प्रशासनिक आवश्यकता, कार्यभार और तबादला व्यवस्था के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती में समय-समय पर बदलाव किया जाता है. ऐसे में चंदौली में लंबे समय से एक ही जगह जमे कर्मचारियों की तैनाती की समीक्षा किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है.
वर्षों से एक ही कुर्सी पर, अब तबादले की उठी मांग —
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ बाबू और लिपिक लंबे समय से एक ही कार्यालय में तैनात हैं. ऐसे में उनकी तैनाती अवधि सार्वजनिक कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कौन कर्मचारी कितने समय से किस उप-निबंधन कार्यालय में तैनात है. हालांकि, कर्मचारियों पर लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. इसलिए इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
चंदौली डीएम से तैनाती अवधि की समीक्षा की मांग —
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से जिले के सभी उप-निबंधन कार्यालयों में तैनात कर्मचारियों और बाबुओं की तैनाती अवधि की समीक्षा कराने की मांग की है. साथ ही लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों का प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार तबादला किए जाने की मांग उठाई है.
अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन मुग़लसराय, सदर, सकलडीहा समेत जिले के सभी उप-निबंधन कार्यालयों में वर्षों से तैनात कर्मचारियों की सूची तैयार कर उनकी तैनाती की समीक्षा करेगा? या फिर रजिस्ट्री दफ्तरों में लंबे समय से जमी यह व्यवस्था यूं ही चलती रहेगी









