चंदौली— दुर्गा पूजा देखने निकले लोगों की मोटरसाइकिलें गायब होने की घटनाओं के बीच अलीनगर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी दुर्गा पूजा के दौरान बनाए गए अस्थाई बाइक स्टैंड से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे. चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने ले जाते समय पुलिस ने उन्हें दबोच लिया, जबकि गिरोह का कथित सरगना चौथा आरोपी फरार हो गया.
अस्थाई स्टैंड से चोरी करते थे मोटरसाइकिलें —
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 की रात अलीनगर पुलिस की टीम दुर्गा पूजा और रात्रि गश्त के मद्देनजर क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों को लेकर इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रहे हैं. वे चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने और बेचने की फिराक में हैं.
सूचना पर पुलिस टीम ने लंका रोड स्थित इंडस्ट्रियल मार्ग पर जफरपुर गांव की ओर जाने वाले तिराहे के पास घेराबंदी की. कुछ देर बाद चार अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन नाबालिगों को पकड़ लिया, जबकि चौथा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
मुगलसराय स्टैंड से चोरी की थीं बाइकें —
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पकड़े गए किशोरों ने बताया कि वे अपने फरार साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे. चोरी की गाड़ियों को सस्ते दामों पर बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे. पूछताछ में मुगलसराय स्टैंड से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई है.
पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल फोन और कुल 350 रुपये नकद बरामद किए. बरामद मोटरसाइकिलों के चेसिस नंबर की ई-चालान ऐप के माध्यम से जांच की गई, जिसमें वाहनों के पंजीकरण संबंधी विवरण सामने आए. पुलिस संबंधित वाहन स्वामियों से संपर्क कर स्वामित्व की पुष्टि करने में जुटी है.
चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस —
अलीनगर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) के तहत कार्रवाई की है. एफआईआर के अनुसार, तीनों किशोरों को 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:20 बजे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया. नाबालिग होने के कारण उनके विरुद्ध किशोर न्याय संबंधी कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल विकास कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश सिंह, अमित कुमार यादव, पुनन पटेल, जितेंद्र कुमार और वजाहत अली सिद्दीकी सहित पुलिस टीम शामिल रही. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.









