चंदौली—अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की. पुलिस टीम ने चकिया तिराहे के पास पुलिस कॉलोनी के समीप पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 350 पाउच ब्लू लाइन देशी शराब बरामद की. बरामद शराब की कुल मात्रा 70 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 25 हज़ार रूपये बताई गई है.
थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम चकिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पांच महिलाएं सफेद झोलों में देशी शराब लेकर पुलिस कॉलोनी के पास पेड़ के नीचे बैठी हैं और शराब कहीं ले जाने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर पांचों महिलाओं को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके अलग-अलग सफेद झोलों से कुल 350 पाउच ब्लू लाइन देशी शराब बरामद की. पूछताछ में महिलाओं ने पुलिस को बताया कि शराब की दुकानें बंद होने के बाद वे घूम-घूमकर शराब ऊंचे दामों पर बेचती थीं और इससे होने वाली कमाई से अपना जीवन-यापन करती थीं.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं में डोमनी देवी (50), राजमुनी कुँवर (50), विन्धयाचली कुँवर (50), हिरंगा देवी (38) और सुमन देवी (50) शामिल हैं. सभी आरोपी महिलाएं बिहार के रोहतास एवं भोजपुर जिले की रहने वाली हैं.
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे उपनिरीक्षक शिवपूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अमित यादव और महिला कांस्टेबल प्रियंका प्रजापति शामिल रहे.









