चंदौली—चंदौली-सकलडीहा स्टेट हाईवे पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सकलडीहा कस्बा स्थित पोस्ट ऑफिस-मैन रोड पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी. हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान राम केवल राजभर (51), निवासी सकलडीहा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि राम केवल मानसिक रूप से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस दुर्घटना के कारणों और ट्रैक्टर चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है.









