चंदौली—मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते दंपति द्वारा रविवार की सुबह फिनायल पीने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पहले पति ने फिनायल पिया, इसके बाद पत्नी ने भी फिनायल पी लिया. दोनों की हालत गंभीर होने पर आनन-फानन में उन्हें मुगलसराय स्थित राजकीय महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दंपति की पहचान सोनू जायसवाल (34) और उनकी पत्नी निधि जायसवाल (28), निवासी लाठ नंबर-2, कस्बा क्षेत्र के रूप में हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की.
बताया जा रहा है कि प्रथम दृष्टया घरेलू कलह को घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उपचार के बाद दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. फिलहाल दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.









