चंदौली—धीना थाना पुलिस ने POCSO एक्ट के मामले में करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे शातिर आरोपी अरबाज नट को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर DIG वाराणसी की ओर से 50 हज़ार का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज नट (25) पुत्र जमीलउद्दीन निवासी कुशहा गांव थाना धीना के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 में तत्कालीन चंदौली एसपी संतोष कुमार सिंह के कार्यकाल के दौरान POCSO एक्ट के मामले में कार्रवाई के दौरान आरोपी धीना थाने से फरार हो गया था. इसके बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए अरबाज नट पिछले करीब आठ वर्षों से झारखंड के रांची में अपना ठिकाना बना कर रह रहा था. हालांकि, वह चोरी-छिपे अपने गांव और घर भी आता-जाता रहता था.
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिन थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव मय हमराह पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर महुजी तिराहा के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा और कारतूस रखता था.पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.









