चंदौली—जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और 50000 की इनामी बदमाश राजू मुसहर के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान राजू मुसहर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया. यह मुठभेड़ बुधवार की देर शाम सैयदराजा इलाके में हुईं.
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच सर्विलांस सेल और सैयदराजा थाने की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को डकैती के एक मामले में फ़रार चल रहे 50 हजार के इनामी राजू मुसहर के क्षेत्र में होने की सूचना मिली.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सैयदराजा इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली राजू मुसहर के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा.
पुलिस टीम ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए जाने की बात कही है.किया. हालांकि बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी.
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों सैयद राजा इलाके में हुई डकैती मामले में राजू मुसहर फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर 50 हज़ार का इनाम घोषित कर रखा था.मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया.पुलिस टीम द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. फिलहाल घायल इनामी बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस आगे कार्रवाई में जुट गई है.









