चंदौली—जनपद में गो-तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को बलुआ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल यादव पुत्र श्याम बिहारी यादव निवासी ग्राम नादी थाना बलुआ के रूप में हुई है.
थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लक्ष्मणगढ़ चौराहा के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर राहुल यादव को दबोचा। राहुल थाना बलुआ में पंजीकृत मु0अ0सं0- 62/2026 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम में फ़रार था.
पूछताछ में राहुल ने बताया कि 15 मार्च को वह अपने साथी सादिक अंसारी निवासी निधौरा और सार्जन शाह निवासी निधौरा के साथ पिकअप वाहन संख्या UP 67 बट 4169 में मवेशी लादकर वध के लिए बिहार ले जा रहा था. इसी दौरान सरौली के पास बलुआ पुलिस ने वाहन रोककर उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि राहुल गेहूं के खेत में भाग निकला था. घटना के बाद से वह मुंबई चला गया था. कल ही वह वापस आया था और अपने वकील से मिलने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.









