चंदौली जनपद में फ़रार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को स्वाट/सर्विलांस टीम और चकिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इलिया थाने का 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी जंगल की ओर भागने के बाद पुलिस की कॉम्बिंग में पकड़ लिया गया.
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी चकिया अर्जुन सिंह और एसओजी प्रभारी राम जन्म यादव अपनी टीम के साथ गांधी नगर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से लतीफशाह रोड की ओर भाग निकले.
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश जंगल की ओर भागने लगे. इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई. आरोप है कि एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुल हसन निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई. वह इलिया थाने से वर्ष 2025 से फरार चल रहा था और उस पर 25000 का इनाम घोषित था.
घटना के दौरान दूसरा आरोपी जंगल में भाग निकला, जिसे पुलिस ने घेराबंदी और कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सोनू अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर के रूप में हुई.
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है. घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.









