Chandauli Police News: सख्त पुलिसिंग और अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई से बनाई अलग पहचान, दारोगा पंकज सिंह की भावुक विदाई—जौनपुर में नई तैनाती, सहयोगियों ने दी शुभकामनाएं
चंदौली—जनपद में करीब दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई के लिए चर्चित रहे उपनिरीक्षक पंकज सिंह का स्थानांतरण जौनपुर जनपद होने पर शनिवार को अलीनगर थाना और ताराजीवनपुर चौकी परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया. थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी.
उपनिरीक्षक पंकज सिंह 2015 बैच के पुलिस अधिकारी हैं. मूलरूप से मऊ के भीटी क्षेत्र के निवासी पंकज सिंह की शिक्षा-दीक्षा कानपुर में हुई थी. वर्ष 2015 में उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्ति के बाद उन्होंने वाराणसी कमिश्नरेट में करीब सात वर्ष तक अपनी सेवाएं दीं. इस दौरान उन्होंने अखरी, जखनी, मोहनसराय, मुर्दहा, चांदमारी, लोहता और बड़ागांव समेत विभिन्न पुलिस चौकियों पर प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली.
ताराजीवनपुर में अपराधियों पर कसा शिकंजा —
चंदौली में तैनाती के दौरान पंकज सिंह को औद्योगिक नगर चौकी का प्रभारी बनाया गया था. करीब छह माह बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उन्हें ताराजीवनपुर चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई। यहां उन्होंने लगभग 17 माह तक प्रभारी के रूप में कार्य किया.
उप निरीक्षक पंकज सिंह —
ताराजीवनपुर क्षेत्र में तैनाती के दौरान उन्होंने अवैध शराब के कारोबार, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया. पुलिसिया कार्रवाई और सख्त कार्यशैली के चलते क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उनकी भूमिका की सराहना की गई.
पुलिसकर्मियों ने कार्यशैली को सराहा —
स्थानांतरण के बाद शनिवार को अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने उपनिरीक्षक पंकज सिंह को विदाई दी. इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं.
जौनपुर स्थानांतरण के बाद उपनिरीक्षक पंकज सिंह मंगलवार को चंदौली से रवानगी कर गए. पुलिसकर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना की.