चंदौली—सकलडीहा थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. इनवर्टर की बैटरी में पानी डालते समय करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया. परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान दीपक तिवारी (28) पुत्र राकेश तिवारी, निवासी बभनपुरा, थाना सकलडीहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक पुणे में रहकर नौकरी करते थे और हाल ही में छुट्टी लेकर घर आए थे.
सोमवार सुबह वह घर में इनवर्टर की बैटरी में पानी डाल रहे थे. इसी दौरान बैटरी का कनेक्शन निकालते समय वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई. सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है.









