Chandauli News: चंदौली में नक्सली गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा, देवदत्तपुर-सोनवार के जंगलों में सघन कांबिंग; थानाध्यक्ष महेश सिंह ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
चंदौली—जनपद में पूर्व की नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी संभावित गतिविधि की रोकथाम के लिए चकरघट्टा पुलिस व क्यूआरटी टीम ने रविवार को देवदत्तपुर और सोनवार गांव के पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में वृहद कांबिंग अभियान चलाया.
कांबिंग करती चकरघट्टा व क्यूआरटी टीम —
थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्गम इलाकों, जंगलों, पगडंडियों और संभावित छिपने के स्थानों पर सघन तलाशी एवं सर्च ऑपरेशन किया. इस दौरान पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
कांबिंग के बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों गांवों में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सीधा संवाद किया. ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर जानकारी ली गई. ग्रामीणों ने वर्तमान में क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल होने की बात कही.
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति को पनाह न दें और जंगल अथवा गांव के आसपास संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिलाया.
चंदौली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा और भयमुक्त माहौल बनाए रखने के लिए जंगलों व संवेदनशील क्षेत्रों में कांबिंग और पेट्रोलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.