चंदौली —जनपद के जगदीश सराय स्थित मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में आयोजित बजरंग दल अभ्यास वर्ग का समापन समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. इस दौरान युवाओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्रहित में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया गया.
समापन कार्यक्रम में मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रबंध निदेशक, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संगठन मंत्री डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया. उन्होंने अभ्यास वर्ग के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को रेखांकित किया.
कार्यक्रम में काशी प्रांत बालोपासना प्रमुख श्री देवानन्द चतुर्वेदी ‘भाई साहब’, गौ रक्षा प्रमुख काशी प्रांत श्री आशुतोष सिंह, प्रांत मिलन प्रमुख काशी प्रांत तथा विश्व हिंदू परिषद चंदौली के जिला मंत्री श्री शशी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
राष्ट्रभक्ति और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर —
अभ्यास वर्ग के दौरान युवाओं को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में सेवा भावना, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया। युवाओं से समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया गया.
समापन अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित एवं समाजहित में निरंतर सक्रिय रहते हुए सेवा कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया.









