जय प्रकाश तिवारी (jai tiwari)
चंदौली—जनपद के रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध बाबा कीनाराम धाम में तीन दिनों तक चला विशाल मेला रविवार को सकुशल संपन्न हो गया. मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा कीनाराम के दरबार में माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की. आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर मेले में पूरे तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली.
बाबा कीनाराम धाम में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का लगातार आवागमन बना रहा. दूर-दराज से आए भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई. मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें भोजपुरी कव्वाली और बिरहा कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहे. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक श्रद्धालुओं और दर्शकों को बांधे रखा.
एडिशनल एसपी की निगरानी में रही सुरक्षा व्यवस्था —
तीन दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. एडिशनल एसपी चंदौली अनंत चंद्रशेखर के निर्देशन एवं निगरानी में सकलडीहा क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा और बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को संभाला.
पुलिस अधिकारियों ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया. मेले में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो. पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ आयोजन —
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और मेला कमेटी के सहयोग से तीनों दिन आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा. मेले में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. श्रद्धालुओं ने बाबा कीनाराम के दर्शन कर धार्मिक आस्था के इस महापर्व में सहभागिता की और सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए.
मेले के सफल आयोजन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला कमेटी के सदस्यों ने चंदौली पुलिस का आभार जताया. कमेटी के लोगों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन के सहयोग और मुस्तैदी के चलते तीन दिवसीय मेला सकुशल संपन्न हो सका.
पुलिस और मेला कमेटी के समन्वय से सफल रहा मेला —
रामगढ़ बाबा कीनाराम मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद पुलिस प्रशासन और मेला कमेटी के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता और अधिकारियों की निगरानी ने आयोजन को व्यवस्थित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. तीन दिनों तक चले इस धार्मिक मेले का शांतिपूर्ण समापन चंदौली पुलिस और आयोजकों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
मेले में इस बार अपराधियों पर भारी रही पुलिस की मुस्तैदी, चैन स्नेचिंग और बाइक चोरी की घटनाओं पर लगा ब्रेक —
बाबा कीनाराम मेले में हर साल भारी भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग और बाइक चोरी जैसी घटनाएं सामने आने की शिकायतें रहती थीं. हालांकि, इस बार पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के चलते मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता से मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.










