अलीनगर—थाना क्षेत्र के सदलपुरा स्थित गांधी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में शुक्रवार की दोपहर पढ़ाई के दौरान अचानक कक्षा 11 (A) का पंखा टूटकर छात्राओं के ऊपर गिर गया. हादसे में तीन छात्राएं घायल हो गईं. अचानक पंखा गिरने से कक्षा में अफरा-तफरी मच गई और छात्राओं में चीख-पुकार शुरू हो गई.
हादसे में काजल को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं भूमि वर्मा और आकाश्रां भी घायल हुई हैं. सभी घायल छात्राएं कक्षा 11 (A) की बताई जा रही हैं. घटना के बाद विद्यालय के शिक्षक और अन्य छात्राएं मौके पर पहुंचीं तथा घायल छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.
छात्राओं ने लगाया लापरवाही का आरोप—
छात्राओं का कहना है कि कक्षा में लगा पंखा काफी समय से खराब था. इसकी शिकायत कई बार विद्यालय के जिम्मेदारों से की गई थी, लेकिन पंखे की मरम्मत नहीं कराई गई. छात्राओं का आरोप है कि यदि समय रहते शिकायत पर ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था.
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल भूमि वर्मा विद्यालय के शिक्षक राजूराम की पुत्री हैं. घटना के बाद विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन से जर्जर विद्युत उपकरणों और पंखों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.
संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार ने बताया कि हादसे में छात्राओं को मामूली चोटें आई थीं. सभी घायल छात्राओं का उपचार कराया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया.









