मुगलसराय—चंदौली SP के निर्देश पर मुगलसराय कोतवाली के नवागत थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बुधवार की शाम अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सड़क पर कब्जा जमाने वालों को सख्त संदेश दिया. अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेला-खोमचों को हटवाया गया और दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई.
खुले माइक पर ठेला-खोमचा संचालकों को समझाया गया, जिसके बाद कई लोगों ने सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न करने का भरोसा दिया. माहौल ऐसा बना कि ‘तेरे नाम’ फिल्म का डायलॉग याद आ गया—“गलती हुई हमसे साहब, अब दोबारा सड़क पर ठेला नहीं लगाएंगे.” पुलिस ने भी साफ कर दिया कि प्यार से समझाने की बात मान ली तो ठीक, वरना चालान काटकर कार्रवाई भी की जा सकती है. कई लोगों ने थानाध्यक्ष से खुले माइक पर वादा भी किया कि अब सड़क पर अवैध कब्जा नहीं करेंगे.
अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के स्वामियों को भी समझाया गया और सड़क को आवागमन के लिए खाली रखने की हिदायत दी गई. वहीं, खुले में शराब पीने वालों पर भी पुलिस का डंडा चला. अचानक हुई कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलकाने वालों में हड़कंप मचा रहा.
अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ संगठन के नेताओं और पुलिस के बीच तकझक की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस टीम अभियान से पीछे नहीं हटी. मौके पर सीओ अरुण सिंह भी मौजूद रहे और व्यवस्था पर नजर बनाए रखी.
अभियान में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह समेत सभी चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे. थानाध्यक्ष ने दो टूक कहा कि मुगलसराय की सड़कों पर अवैध अतिक्रमण और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
नवागत थानाध्यक्ष के इस तेवर से सड़क पर कब्जा जमाने वालों से लेकर खुले में शराब पीने वालों तक में हड़कंप मचा रहा. वहीं, नगरवासियों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह लगातार कार्रवाई होती रही तो मुगलसराय की सड़कों पर यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सकती है. अभियान में कस्बा चौकी इंचार्ज सतीश प्रकाश, जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार, चंधासी चौकी प्रभारी सुरेश पांडे सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे.









