चंदौली/व्यास नगर— ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन छीनने वाले बदमाशों ने अब वारदात को अंजाम देने का तरीका बदल दिया है. पहले जहां बदमाश रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर धीमी गति से गुजरने वाली ट्रेनों में सवार यात्रियों के मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे, वहीं अब ट्रेन के अंदर चढ़कर ही यात्रियों को निशाना बना रहे हैं. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से व्यास नगर के बीच हुई ताजा घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार को मोबाइल छिनैती की कोशिश के दौरान एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिरकर घायल हो गया. मामले में आरपीएफ व्यास नगर की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश की जा रही है.
मोबाइल बचाने के प्रयास में ट्रैक पर गिरा यात्री —
जानकारी के अनुसार, यात्री अभिषेक पाल ट्रेन संख्या 12792 दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहा था. बताया गया कि वह बक्सर से सिकंदराबाद की यात्रा कर रहा था. इसी दौरान ट्रेन ब्लॉक हट बी के पास रेलवे ट्रैक में घुमाव होने के कारण धीमी गति से गुजर रही थी. यात्री मोबाइल फोन लेकर कोच के दरवाजे के पास खड़ा था.
इसी बीच दो युवक यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगे. अचानक हुई इस घटना में यात्री अपने मोबाइल को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और मोबाइल समेत रेलवे ट्रैक पर जा गिरा. हादसे में उसके सिर में चोट लग गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल यात्री को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. राहत की बात यह रही कि उपचार के बाद यात्री की हालत ठीक बताई गई है.
आरपीएफ की कार्रवाई, दो आरोपी बदमाश गिरफ्तार —
घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ व्यास नगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की पुत्र रामदुलारे, मूल निवासी गांव मालीपुर, थाना चुनौरी, जिला रोहतास, बिहार तथा विक्रम पुत्र झंझट, उम्र करीब 19 वर्ष, मूल निवासी गांव मोहम्मदाबाद, थाना चकिया, जनपद चंदौली के रूप में हुई है. दोनों के वर्तमान पते खानाबदोश बताए गए हैं. वहीं, घटना में शामिल तीसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा. आरपीएफ उसकी तलाश में जुटी है.
रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी —
आरपीएफ पोस्ट व्यास नगर में इस मामले में अपराध संख्या 352/26 के तहत रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 में मुकदमा पंजीकृत किया गया. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.
रेल यात्रियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल —
दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से व्यास नगर के बीच ट्रेन में हुई इस घटना ने मोबाइल छिनैती के बदलते तौर-तरीकों को उजागर किया है. यात्रियों के लिए चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर मोबाइल इस्तेमाल करना कितना जोखिम भरा हो सकता है, यह घटना इसका गंभीर उदाहरण है. मोबाइल छीनने की कोशिश में यात्री का ट्रेन से नीचे गिरना किसी बड़े हादसे में भी बदल सकता था. फिलहाल घायल यात्री की हालत ठीक बताई गई है. आरपीएफ गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जबकि मोबाइल लेकर फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.









