चंदौली— जनपद चंदौली के जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम का मंगलवार भोर में हृदयाघात (कार्डियक अटैक) से असामयिक निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
मनीष विक्रम पिछले करीब एक वर्ष से चंदौली में जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत थे. इस दौरान वह खाद्य एवं रसद विभाग से जुड़े कार्यों का दायित्व संभाल रहे थे. उनके अचानक निधन की सूचना से सहयोगियों और विभागीय कर्मचारियों को गहरा आघात पहुंचा है
कैंसर जैसी बीमारी से जंग जीतकर लौटे थे स्वस्थ —
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष विक्रम पूर्व में मुंह के कैंसर से पीड़ित थे. उन्होंने बीमारी से संघर्ष किया और उपचार के बाद स्वस्थ हो गए थे. इसके बाद वह अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। हालांकि, मंगलवार की भोर में अचानक हृदयाघात होने से उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से परिवार, परिचितों और प्रशासनिक सहयोगियों में शोक व्याप्त है.
डीएम चंद्र मोहन गर्ग समेत अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि —
दिवंगत जिला पूर्ति अधिकारी को श्रद्धांजलि देने के लिए जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के मीटिंग हॉल में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए.
शोकसभा में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मनीष विक्रम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके असामयिक निधन को प्रशासनिक महकमे के लिए अपूरणीय क्षति के रूप में महसूस किया जा रहा है.
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम के निधन से चंदौली के प्रशासनिक गलियारों में शोक का माहौल है. अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.









