चंदौली— सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक रेल हादसे में करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, स्टेशन के प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर पर बाबा कालेश्वरनाथ मंदिर के सामने रेलवे ट्रैक पर व्यक्ति पटना-सिकंदराबाद ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर शव का सिर नहीं मिला, जबकि धड़ रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ था. इसके चलते मृतक की पहचान नहीं हो सकी. मृतक ने कुर्ता और पजामा पहन रखा था. घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को जानकारी दी.
इस संबंध में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है. शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.









