चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की लगातार घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीते एक महीने में चोरी की घटनाओं के बाद अब किदवई नगर में देसी शराब की दुकान में हुई बड़ी चोरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात अज्ञात चोर छत का दरवाजा तोड़कर शराब की दुकान के अंदर दाखिल हुए. चोरों ने दुकान में रखी करीब 1.20 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया. इसके अलावा चोर टीवी, सीसीटीवी कैमरा और सरकारी स्कैनर समेत अन्य सामान भी उठा ले गए. चोरी हुए सामान समेत कुल नुकसान करीब दो लाख रुपये बताया जा रहा है.
मंगलवार की सुबह जब सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. दुकान में चोरी की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
हालांकि, सदर कोतवाली क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज है. लोगों का कहना है कि यदि रात में पुलिस की गश्त प्रभावी होती तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था. लगातार हो रही वारदातों ने सदर कोतवाली की पुलिसिंग और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.









