चंदौली—जनपद में करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान खुरहट गांव निवासी बचई बिंद के पुत्र वकील बिंद के रूप में हुई है. युवक आटा चक्की चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी असमय मौत से पत्नी और एक मासूम बच्ची के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है.
जानकारी के अनुसार, वकील बिंद आटा चक्की पर गेहूं पीसने का काम करता था. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
घटना की सूचना पर कंदवा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है. मृतक आटा चक्की चलाने का काम करता था. शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
एक हादसे ने उजाड़ दिया परिवार: जिस युवक की कमाई से घर का खर्च चलता था, उसकी मौत के बाद पत्नी और मासूम बच्ची बेसहारा हो गई हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.









