चंदौली— दिवाली नजदीक आते ही जुए का खेल शुरू हो गया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मड़िया गांव में पानी की टंकी के सामने खुले मैदान में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया. मौके से 6,500 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और तलाशी के दौरान 290 रुपये बरामद किए गए.
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम को थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह व चौकी प्रभारी जलीलपुर अजय कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और लंबित विवेचनाओं के सिलसिले में मौजूद थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मड़िया गांव में कुछ लोग खुले मैदान में जुआ खेल रहे हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई. इस दौरान तीन आरोपितों को पकड़ लिया गया, जबकि कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजू साहनी (24), मंगर यादव (30) और रोहन चौधरी (19), निवासी मड़िया गांव के रूप में हुई है.
पुलिस ने मौके से फड़ पर रखे 6,500 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद किए. तलाशी में आरोपितों के पास से क्रमशः 90 रुपये, 100 रुपये और 100 रुपये भी मिले. तीनों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया.
दिवाली से पहले जुए के अड्डों पर पुलिस की नजर —
त्योहारों के दौरान जुआ खेलने की गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई अहम मानी जा रही है. हालांकि, छापेमारी के दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गए. पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा है.









