चंदौली—सड़क किनारे भैंस चरा रहे एक वृद्ध के लिए सोमवार का दिन जिंदगी का आखिरी दिन साबित हुआ. अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा गांव के समीप पुलिया के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 61 वर्षीय रामलोचन यादव ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. वहीं, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल छा गया.
हाईवे किनारे भैंस चरा रहे थे रामलोचन, अचानक काल बनकर आई कार —
जानकारी के अनुसार, लौंदा गांव निवासी रामलोचन यादव सोमवार को नेशनल हाईवे के किनारे अपनी भैंस चरा रहे थे. इसी दौरान मुगलसराय की तरफ से जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामलोचन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर, देर शाम तोड़ा दम —
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वृद्ध को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया. हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया. वहां चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार की देर शाम जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में रामलोचन हार गए. उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
कार और चालक पुलिस की हिरासत में, कार्रवाई की तैयारी —
मामले में अलीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है. प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी.









