चंदौली—भदाहू चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी चंदन सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया. धानापुर थाना प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक स्तर से यह कार्रवाई की गई है. निलंबन के बाद मुख्य आरक्षी को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है.
धानापुर प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मुख्य आरक्षी के खिलाफ लगातार अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रही थीं. आरोप है कि वह समय से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होते थे और अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करते थे. साथ ही साथी पुलिसकर्मियों से उलझने की शिकायत भी सामने आई थी. मामले की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई थी, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई.
वहीं, निलंबित मुख्य आरक्षी चंदन सिंह ने अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी मांगने के बावजूद उन्हें अवकाश नहीं दिया गया. उनका कहना है कि इसी मामले को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से अनुशासनहीनता से संबंधित शिकायतों को कार्रवाई का आधार बताया गया है.
मुख्य आरक्षी के निलंबन के बाद पुलिस विभाग में चर्चा तेज हो गई है. मामले को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की ड्यूटी से संबंधित व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है.









