चंदौली— मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर गांव के समीप डीडीयू-वाराणसी रेलखंड पर गुरुवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर करीब 34 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई. शव पोल संख्या 757 के पास मिला.
सूचना मिलते ही रेलवे चौकी पुलिस और आरपीएफ व्यास नगर की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृतक की पहचान कराने के साथ ही पुलिस ने परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसा किस ट्रेन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है.









