चंदौली—कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी स्थित एक केक की दुकान के ऊपर शनिवार देर रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान के ऊपर बने हिस्से में रखा बेकरी और केक का सामान उसकी चपेट में आ गया.
घटना की सूचना मिलते ही कूड़ा बाजार चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दुकानों और मकानों में आग फैलने से बच गई.
भुक्तभोगी अशद ने बताया कि आग सेकंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट होने से लगी. आग में बेकरी और केक बनाने का सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.
घटना के दौरान आसपास के मोहल्ले के लोग भी मौके पर जुट गए और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया. समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई जनहानि नहीं हुई. पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं.










