चंदौली — जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतनपुर से शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक साढ़े पांच वर्षीय बालक के कार से ले अपहरण किए जाने की सूचना डायल-112 पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही चंदौली क्राइम ब्रांच और मुगलसराय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस जांच में पता चला कि बालक शिवम की मां रजनी पटेल का अपने पति सोमवीर निवासी हरियाणा से पारिवारिक विवाद चल रहा है. करीब दो महीने पहले रजनी अपने साढ़े पांच वर्षीय बेटे शिवम को लेकर बिना बताए मायके चंदौली के पड़ाव इलाके के रतनपुर आ गई थीं, जबकि उनकी बड़ी बेटी हरियाणा में ही रह गई थी.
बताया गया कि पिता सोमवीर लगातार बच्चे को अपने साथ ले जाने की बात कह रहा था. शनिवार को वह एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से रतनपुर पहुंचा और बेटे शिवम को अपने साथ लेकर चला गया. इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी कि बच्चे का अपहरण कर लिया गया है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संबंधित कार रामनगर की ओर होते हुए हाईवे पर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर वाराणसी, प्रयागराज मार्ग के थानों सहित हाईवे पर अलर्ट जारी किया.
पुलिस की सक्रियता के चलते भदोही जिले के कुंज पुलिस ने उक्त कार को रोक लिया और मासूम शिवम को सकुशल बरामद कर लिया. मुगलसराय पुलिस की टीम बच्चे को वापस लाने के लिए रवाना हो गई है.










