Jai tiwari —
चंदौली—जनपद में अवैध तेल कारोबार एक बार फिर सुर्खियों में है. सैयदराजा पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर देर रात कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन, उसमें लदे आधा दर्जन ड्रम तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, बरामद छह ड्रमों में तीन ड्रम तेल से भरे हुए थे, जबकि तीन ड्रम खाली मिले.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रामनगर के टेंगरा मोड़ से तेल कटिंग कर उसे बिहार सप्लाई करने ले जा रहा था। आरोपी के मुताबिक वह करीब ₹80 प्रति लीटर की दर से तेल खरीदकर बिहार में ₹100 प्रति लीटर के हिसाब से बेचता था और काफी समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा तेल की कटिंग का नेटवर्क फिर से सक्रिय हो गया है.
गौरतलब है कि कुछ समय पहले चंदौली के अलीनगर और रामनगर के टेंगरा मोड़ क्षेत्र में एडीजी की टीम ने छापेमारी कर अवैध तेल कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की थी, जिसके बाद यह धंधा लगभग बंद हो गया था. अब हालिया गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि एडीजी के तबादले के बाद तेल माफिया फिर सक्रिय हो गए हैं।










