वाराणसी सहित पूर्वांचल में हाड़ कंपाती ठंड और शीतलहर का दौर जारी है. तीन दिन से लगातार मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है. ऐसे में वाराणसी जिला अधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी कक्षा 5 तक के स्कूलों को अनिश्चितकालीन बंद कर दिया है. अगले आदेश तक यहां पढ़ाई नहीं होगी. आज पड़ोस के जिलों में आदेश जारी होते ही चंदौली में भी आज विद्यालय बंद करने के निर्देश जारी हो सकते हैं. शिक्षा विभाग संबंधित अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार आज ठंड शीतलहर को देखते हुए चंदौली में विद्यालय बंद करने के आदेश जारी हो होगा.
चंदौली जिले में तापमान में कमी के साथ ही सर्द हवाओं के चलने और घना कोहरा छाने से मंगलवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. सर्द मौसम होने के साथ ही लोगों को गलन और कपकपी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तीन डिग्री कम होकर 15 डिग्री सेल्सियस जैसा प्रतीत हुआ. इस पूरे सप्ताह ठिठुरन जारी रहने का पूर्वानुमान है. विशेषज्ञों ने लोगों को सर्दी से बचाव करने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है.





