चंदौली—सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ खुर्द गांव के सुनसान इलाके में सोमवार को 36 वर्षीय युवक का शव गमछे के सहारे बल्ली से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मृतक की पहचान मनिहरा ग्राम पंचायत के अम्मापर गांव निवासी धरमू राजभर के पुत्र कमलेश राजभर के रूप में हुई. वह दैनिक मजदूरी करता था. शव घर से करीब 500 मीटर दूर मिला. ग्रामीणों के अनुसार, शव के पैर जमीन से छू रहे थे और उसी बल्ली के सहारे बिजली की लाइन भी गई है, जिससे आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठ रहे हैं.
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के अनुसार, रात में कमलेश का बड़े भाई से विवाद हुआ था। भाई की शर्ट पर खून भी मिला है. पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। कमलेश की पत्नी सुमन और दो बेटियां गुंजन व रोली हैं. घटना से परिवार में मातम छाया है.










