चंदौली—वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस को एक ही दिन में बड़ी सफलता मिली. कोतवाली चंदौली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया. वहीं, इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी गोतस्कर को बांदा से दबोच लिया.
50 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार —
कोतवाली चंदौली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त दिलशाद पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी मरखामऊ नई बाजार, थाना मऊआइमा, प्रयागराज को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार उसे 31 अगस्त की शाम करीब 6:10 बजे पंचफेड़वा-अलीनगर क्षेत्र से पकड़ा गया.
मामला नवंबर 2024 का है. डेहरी से सीतापुर के लिए 25 टन कोयला लेकर निकला ट्रक सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुंभापुर के पास लूट लिए जाने की सूचना मिली थी। इस मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दिलशाद का नाम प्रकाश में आया और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं.
25 हजार का इनामी गोतस्कर भी दबोचा —
दूसरी कार्रवाई में इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समसाद राइन पुत्र रज्जब अली को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसे बांदा जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र में कोर्रई गांव के समीप नहर पुलिया से पकड़ा.
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2025 को इलिया थाना क्षेत्र के बनरसिया नहर माइनर के पास चेकिंग के दौरान दो पिकअप वाहनों से क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार ले जाए जा रहे 12 गोवंशीय पशु बरामद किए गए थे. पुलिस को देखकर वाहन चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे. इसी मामले की विवेचना में समसाद राइन का नाम सामने आया था.
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अलावा POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है. पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
एक ही अभियान में दो इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को चंदौली पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है.









