चंदौली—सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बलारपुर गांव निवासी करन यादव 14 पुत्र संतोष यादव की ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार की शाम करीब 4:30 बजे मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
बताया जा रहा है कि किशोर का शव सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिला. मौके पर उसकी साइकिल और स्कूल बैग भी मिला. बैग की तलाशी लेने पर एक कॉपी बरामद हुई, जिसमें एक एप्लीकेशन लिखा था. इसी एप्लीकेशन के आधार पर किशोर की पहचान करन यादव के रूप में हुई. एप्लीकेशन में किशोर ने अपने दोस्त की शादी में छुट्टी के संबंध में लिखा था. कॉपी में मिले विवरण से पुलिस को उसकी पहचान करने में मदद मिली.
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और सकलडीहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई. मामले की जांच जारी है.









