चंदौली—सदर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह की बुधवार सुबह बैरक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी में हृदय गति रुकने से मौत की आशंका जताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.
मृतक उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह (58) पुत्र स्व. राजनाथ सिंह उपेंदा, कोतवाली देवगांव, जनपद आजमगढ़ के निवासी थे. वह मूल रूप से सिपाही के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे. सेवा के दौरान लगातार तीन प्रमोशन पाकर उपनिरीक्षक बने थे और वर्तमान में चंदौली सदर कोतवाली में तैनात थे.
सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पांडेय के अनुसार, विजय बहादुर सिंह मंगलवार देर रात खाना खाने के बाद बैरक में सोने चले गए थे. सुबह जब उनके साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. पास जाकर देखा गया तो वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे.
घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों और मृतक के परिजनों को दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि दिवंगत दरोगा अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं पुलिस विभाग में साथी कर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.









