चंदौली—व्यास नगर रेलवे स्टेशन के ब्लॉक हट बी के पास चलती ट्रेन से मोबाइल झपटमारी की घटना से हड़कंप मच गया. गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री के हाथ पर डंडा मारकर बदमाशों ने करीब 1.20 लाख रुपये कीमत का iPhone 15 Pro Max झपट लिया. पीड़ित की सूचना पर सक्रिय हुई RPF व्यास नगर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया गया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी सूरज भजन सहानी गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस की S-1 बोगी में सवार होकर मुजफ्फरपुर जा रहे थेm सोमवार की देर शाम करीब सात बजे ट्रेन व्यास नगर के ब्लॉक हट बी के पास पहुंची. इसी दौरान नीचे खड़े तीन बदमाशों ने ट्रेन के गेट पर खड़े यात्री के हाथ पर डंडे से प्रहार किया. हाथ से मोबाइल नीचे गिरते ही बदमाशों ने उसे उठा लिया और मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल RPF व्यास नगर टीम को सूचना दी और रेलवे को ट्वीट कर शिकायत दर्ज कराई. मोबाइल की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है.
सूचना मिलते ही RPF टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी और एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिराम उर्फ बलमा (25 वर्ष), पुत्र कल्लू, निवासी धरना, थाना मुगलसराय के रूप में हुई है. RPF ने उसके कब्जे से लूटा गया iPhone बरामद किया है. वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है.
RPF की त्वरित कार्रवाई से मोबाइल बरामद होने पर पीड़ित को राहत मिली है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.









