चंदौली—सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव में आबादी की जमीन को लेकर मंगलवार की सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड दो सगे भाइयों के बीच विवाद के बाद हवाई फायरिंग की सूचना से हड़कंप मच गया एक पक्ष ने दूसरे पर लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले आई.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राधेश्याम यादव और संकट यादव दोनों उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त हैं और आपस में सगे भाई हैं. आबादी की जमीन को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है. बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर राधेश्याम यादव लंबे समय से भैंस बांधते आ रहे हैं, जबकि संकट यादव का मकान भी पास में स्थित है.
मंगलवार की सुबह ईट ( खड़ंजा) बिछाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला कथित हवाई फायरिंग तक पहुंच गया. राधेश्याम यादव ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान संकट यादव के नाती ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग की. फायरिंग की सूचना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया, लेकिन मौके से कोई खोखा या छर्रा बरामद नहीं हुआ. हालांकि, आसपास के लोगों ने गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की बात बताई है.
क्या बोले थाना प्रभारी?
सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. घटनास्थल से अभी तक कोई खोखा या छर्रा बरामद नहीं हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल कर रही है. जांच के बाद ही हवाई फायरिंग की पुष्टि हो सकेगी.









