चंदौली-जिले के मुगलसराय और पड़ाव इलाके में अवैध तरीके से चल रही चिकन-मटन की दुकानों के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की. पीडीडीयू नगर के उप-अधिकारी अनुपम मिश्रा और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना पुलिस बल के साथ चकिया तिराहा और पड़ा चौराहे पर में बिना लाइसेंस संचालित दुकानों को तत्काल बंद कराया और अतिक्रमण मुक्त करवाया. दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बगैर वैध लाइसेंस के कोई भी दुकान अब नहीं चलेगी. इस दौरान अधिकारियों ने लगभग एक दर्जन दुकानों को सीज भी किया. प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि जिसके पास लाइसेंस होगा, उसे किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी, लेकिन जो भी व्यक्ति बिना अनुमति के व्यवसाय करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एसडीएम और ईओ के इस सख्त रुख से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे साफ-सफाई और सार्वजनिक व्यवस्था बेहतर होगी.
9 दिसंबर को मुगलसराय कस्बे में चला था अभियान—
बीते 9 दिसंबर को मुगलसराय कस्बे में अवैध तरीके से चल रही चिकन-मटन की दुकानों के खिलाफ अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की थी. पीडीडीयू नगर कस्बे में बिना लाइसेंस संचालित दुकानों को तत्काल बंद कराया और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बगैर वैध लाइसेंस के कोई भी दुकान अब नहीं चलेगी. इस दौरान आधा दर्जन दुकानों को सीज भी किया था.





